दुद्धी सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल चौराहा से करीब 100 मीटर आगे म्योरपुर रोड पर शनिवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में किरबिल निवासी 48 वर्षीय अरविंद प्रजापति पुत्र रामजियावन की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अरविंद प्रजापति पेशे से चालक थे। हादसे वाले दिन वे अपनी गाड़ी खड़ी कर घर आए हुए थे। शाम को किसी काम से बाइक से बाजार की ओर गए और घर के पास ही बाइक खड़ी कर आगे निकल रहे थे कि करीब साढ़े सात बजे घर के सामने ही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार की चपेट में आ गए। घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
दुद्धी पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के भतीजे वेदप्रकाश प्रजापति ने बताया कि मृतक चाचा के तीन पुत्र हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के बाद स्विफ्ट डिजायर कार चालक नधिरा बाजार के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची म्योरपुर पुलिस ने मौके की जांच की और वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह