*# जोधपुर*
*पंचायतीराज चुनाव-2026: प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दल रवाना*
- *- छह पंचायत समितियों के 354 मतदान केन्द्रों पर कल होगा मतदान*
*- 84 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता एवं वीडियोग्राफी से होगी निगरानी*
जोधपुर, 21 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण के मतदान के लिए बुधवार को जोधपुर मुख्यालय से छह पंचायत समितियों के मतदान दलों की रवानगी की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने बताया कि प्रथम चरण में शेरगढ़, चाबा, बालेसर, आगोलाई, चामू एवं सेखाला पंचायत समितियों के 354 मतदान केन्द्रों पर गुरुवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा।
*मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण, ईवीएम एवं मतदान सामग्री का वितरण*
श्री रंजन ने बताया कि तीन पंचायत समितियों के मतदान दलों के कार्मिकों को बुधवार सुबह 7 बजे से रिपोर्टिंग के लिए बुलाया गया था। कार्मिकों ने निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके पश्चात मतदान दलों को ईवीएम, मतपेटियों सहित आवश्यक मतदान सामग्री का वितरण किया गया। मतदान दलों की रवानगी के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी दल निर्धारित मतदान केन्द्रों तक समय पर पहुंच सकें।
*84 क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 354 मतदान केन्द्रों में से 84 को क्रिटिकल मतदान केन्द्र के रूप में चिह्नित किया गया है। इन केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा तथा वीडियोग्राफी के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। सभी मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। इसके साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं तथा वरिष्ठ आरएएस एवं आईएएस अधिकारियों को एरिया मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। एरिया मजिस्ट्रेट के साथ भी पुलिस बल की व्यवस्था की गई है।
*निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक प्रबंध*
श्री रंजन ने कहा कि प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदाताओं, चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों तथा आमजन का पूरा सहयोग मिलेगा और जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।
*मतदान कार्मिक गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निभाएं दायित्व*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहें। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों से संपर्क करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
——–
