जिला संवाददाता बैतूल एमपी
एंकर:- जीएसटी के नए कर स्लैब लागू होने के पहले ही दिन भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बैतूल के स्थानीय बाजार में पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात की, मिठाई बांटी और नए टैक्स ढांचे को ऐतिहासिक सुधार बताया।
खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों में महत्वपूर्ण बदलाव कर उपभोक्ताओं पर टैक्स का बोझ कम किया है। उनके अनुसार, पहले एक उत्पाद पर कई तरह के कर लगाए जाते थे, जिससे कुल मिलाकर 30 से 32 प्रतिशत तक का कर भार पड़ता था। अब सरकार ने टैक्स संरचना को सरल बनाते हुए दो प्रमुख स्लैब में बांटा है।
उन्होंने बताया कि पहले 28%, 18% और 12% जैसे तीन टैक्स श्रेणियां थीं, लेकिन अब इनमें कटौती कर 12% को 5% और 5% को शून्य में लाया गया है। वहीं, कुछ वस्तुएं जो पहले 28% स्लैब में थीं, अब 18% में आ गई हैं। उन्होंने इसे आम जनता के लिए राहतकारी कदम बताया, जिससे खरीदारी की क्षमता बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
प्रदेशाध्यक्ष ने आत्मनिर्भर भारत अभियान का समर्थन करते हुए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को चाहिए कि वे अपनी दुकानों पर स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध हैं जैसे बोर्ड लगाएं। इससे स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और देश की आयात पर निर्भरता घटेगी।