नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
एंबुलेंस से हो रही थी डोडा की तस्करी, हजारीबाग पुलिस ने 43 किलो डोडा जब्त किया
हजारीबाग। चौपारण पुलिस ने एक एंबुलेंस से अवैध रूप से तस्करी किए जा रहे डोडा की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें करीब 43.650 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ।
एंबुलेंस छोड़कर भागा तस्कर
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एक मारुति वैन एंबुलेंस (BR 02PB-6505) में डोडा की तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजित कुमार बिमल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
दल ने चौपारण थाना अंतर्गत चोरदाह
चेकनाका पर वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान, दनुआ की तरफ से आ रही एक एंबुलेंस चेकनाका से कुछ पहले ही रुक गई और उसका ड्राइवर गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने जब एंबुलेंस की तलाशी ली, तो पेशेंट वाली सीट के नीचे दो बोरों में छुपाकर रखा गया डोडा बरामद हुआ। जब्त किए गए डोडा का कुल वजन 43.650 किलोग्राम है।
इस मामले में पुलिस ने एंबुलेंस के ड्राइवर, मालिक और अन्य अज्ञात तस्करों के खिलाफ चौपारण थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजित कुमार बिमल, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, पु.अ.नि. बिंदेश्वर महतो, स.अ.नि. बदल कुमार महतो, स.अ.नि. भाजू एक्का और चोरदाह चेकनाका के सुरक्षाकर्मी शामिल थे।