तल्हेडी कस्बे के मुख्य चौराहे पर हुए डंपर की जोरदार टक्कर से बाइक चालक गम्भीर रूप से घायल
घटनास्थल से गुजर रहे देवबंद एसडीएम ने गाड़ी से उतरकर घायल को अस्पताल पहुंचवाया
तल्हेडी कस्बे का मुख्य चौराहा फिर बना दुर्घटना का कारण
तल्हेडी बुजुर्ग कस्बे में डिवाइडर कट पार कर रहे बाइक चालक को डंपर की जोरदार टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सोमवार को शाम के समय सुरेन्द्र पाल पुत्र बलवंत सिंह निवासी नवीन नगर सहारनपुर उम्र करीब 60 वर्ष। अपनी बाइक यूपी 11 ए के 5570 पर सवार होकर तल्हेडी बुजुर्ग कस्बे के मुख्य चौराहे पर बने डिवाइडर कट को पार कर रहा था।इसी बीच देवबंद की और से आ रहे तेज रफ़्तार डंपर संख्या पीबी 13 बी एस 3584 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।जिसके कारण वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। भीषण हादसा घटित होते देख वहां से गुजर रहे राहगीरों ने लहूलुहान बाइक चालक को उठाकर सड़क के किनारे लिटा दिया जबकि घटना घटते ही डंपर चालक घटनास्थल से रफूचक्कर हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी सुधीर राजौरा पुलिस टीम के साथ पर मौके पर पहुंच गए।देखते ही देखते हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।इसी दौरान घटनास्थल से गुजर रहे देवबंद उपजिलाधिकारी युवराज सिंह ने भीड़ एकत्रित देखी तो वह अपनी गाड़ी से उतरे और हाईवे पर लगे जाम को स्वयं सड़क पर खड़े होकर खुलवाने लगे। तत्पश्चात एसडीएम ने पुलिस की सहायता से घायल व्यक्ति को डायल 112 से ही जिला अस्पताल पहुंचा दिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि इस डिवाइडर कट पर घटना घटित होना आम बात हो गई है।जिसके कारण बहुत से लोगों की जान जा चुकी है। शासन प्रशासन को जल्द से जल्द यहां अंडर पास बनाना चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं से मुक्ति मिल सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़