✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
नगरीय विकास परियोजना के कार्यों में लाएं तेजी – कलेक्टर आशीष तिवारी
नगरीय निकायों के विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा कर कलेक्टर श्री तिवारी ने दिए परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन के निर्देश
कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम कटनी के अंतर्गत अमृत 1.0 योजना के तहत सीवरेज एंड सेप्टेज प्रोजेक्ट अंतर्गत अमृत 2.0 योजना अंतर्गत वाटर बॉडी रिजुविनेशन , प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 स्वच्छ भारत अभियान सहित नगरीय निकायों के माध्यम से संचालित होनें वाली शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर विकास योजनाओं के परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, आदेश जैन, अनिल जायसवाल , उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, सिटी मिशन मैनेजर एनयूएलएम यश रजक , परियोजना अधिकारी डूडा, सीएमओ बरही, कैमोर एवं विजयराघवगढ़ उपस्थित थे।नगर निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि अमृत योजनांतर्गत सीवर लाइन बिछाने के कार्य एवं एसटीपी निर्माण कार्य में तेजी लायें। जिस पर संबंधित अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि एसटीपी- 1 माधवनगर का कार्य अगले माह नवंबर अंत तक पूर्ण किये जाने एवं ट्रायल रन का लक्ष्य निर्धारित किया गया । जबकि एसटीपी- 2 कटायेघाट और एसटीपी 3 कुठला का कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए योजना को मार्च 2026 तक पूर्ण कराये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।बैठक में बताया गया कि अमृत 2.0 योजनान्तर्गत कटनी नदी पर मोहन घाट में नदी के दोनों ओर 150-150 मीटर लम्बाई में एवं मसुरहा घाट में नदी के दोनों ओर 180-180 मीटर लम्बाई में वाटर बॉडी रेजुवनेशन का कार्य कुल 1.83 करोड़ रूपए की लागत से कराया जा रहा है ,जो कि लगभग 93 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है | कलेक्टर आशीष तिवारी को बताया गया कि अमृत 2.0 के अन्तर्गत वाटर सप्लाई व सीवर प्रोजेक्ट हेतु संविदाकार द्वारा सर्वे, ड्राइंग डिजाइन का कार्य किया रहा है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने इसे शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट हेतु रॉ वाटर की उपलब्धता के संबंध में जानकारी चाही गयी जिस पर संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कटनी शहर की पेयजल आपूर्ति हेतु एनव्हीडीए के माध्यम से बरगी व्यपवर्तन योजनान्तर्गत बरगी दायीं तट नहर से 0.666 क्यूमेक पानी कटनी नदी बैराज में छोड़ा जाना प्रावधानित है, जो कि निर्माणाधीन स्लीमनाबाद टनल के पूर्ण होने उपरांत प्राप्त हो सकेगा।कलेक्टर ने इन सभी प्रगतिरत कार्यों में गति लाकर शीघ्र पूर्ण कराने तथा घरों को सीवर लाइन से जोड़ने एवं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का शीघ्र संचालन संधारण संविदाकार से प्रारंभ कराए जाने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर आशीष तिवारी ने निर्देशित किया कि नगर में चल रहे सीवर लाईन विस्तार कार्य में मैन पावर और मशीनों की संख्या बढ़ाकर सुरक्षा मापदंडों का विशेष ध्यान रखकर शीघ्र ही कार्य पूर्ण कराने ही हिदायत अधिकारियों को दी।
वाटर बॉडी रिज्युविशेन
बैठक के दौरान अमृत 2.0 प्राजेक्ट के अंतर्गत मसुरहा घाट में वाटर बॉडी रिज्युविनेशन कार्य के अंतर्गत 1.08 करोड़ की लागत से कराए जानें बैंक डेवलेपमेंट और स्टोन पिचिंग, गहरीकरण , ग्रीन एरिया विकास, पाथवे तथा सौंदर्यीकरण का कार्य की प्रगति की समीक्षा विस्तार से की जाकर कलेक्टर श्री तिवारी ने शेष कार्य आगामी दो माह में पूर्ण कर लिए जानें के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना ए.एच.पी घटक और बी एल सी घटक की समीक्षा के दौरान बताया गया कि फेस 1 झिंझरी में 117.47 करोड़ की लागत से 792 ई डब्ल्यू एस , 384 एलआईजी तथा 336 एमआईजी अपूर्ण भवनों को यथा स्थिति विक्रय करने हेतु निविदाएं आमंत्रित की जा चुकीं है । बताया गया कि योजना के द्वितीय चरण के तहत प्रेमनगर 205.53 करोड़ की लागत से 1744 ईडब्ल्यूएस तथा 1056 एल आई जी भवनों के निर्माण एवं उनके अधोसंरचना विकास का कार्य 95 फीसदी पूर्ण कर लिया गया है तथा बाहरी विद्युतीकरण कार्य हेतु निविदाएं प्राप्त हो चुकी है। जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा हितग्राहियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए विद्युतीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना ने बताया कि 480 एलआईजी भवनों के संबंध में यथास्थिति विक्रय की कार्यवाही हेतु आरपीएफ तैयार किया जाकर शीघ्र ही सक्षम अधिकारी से स्वीकृति प्राप्त करते हुए निविदा की कार्यवाही की जाएगी। बैठक के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के बी एल सी घटक के तहत स्वीकृत कुल 6118 आवासों में 5779 आवास पूर्ण तथा 339 आवास प्रगतिरत है। जिनका शत प्रतिशत कार्य आगामी दो माह में पूर्ण कर लिया जायेगा। इस दौरान कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना झिंझरी साइड के क्रियान्वयन में आ रही रुकावटों से अवगत होते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना को दिए। इस दौरान प्रधान मंत्री आवास योजना 2.0 के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त एवं सत्यापित आवेदनों की समीक्षा कर लंबित आवेदनों को पोर्टल में दर्ज करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को दिए।
सफाई व्यवस्था रखें दुरुस्त कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा बैठक के दौरान स्वच्छ सेवा अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2024 में सर्वेक्षण अभियान में नगर निगम कटनी को राष्ट्रीय स्तर पर 8 वा तथा प्रदेश स्तर पर 9वीं रैंक के साथ ही ओ डी एफ प्लस प्लस एवं थ्री स्टार सर्टिफिकेट का खिताब हासिल करने में सफलता मिली है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की प्रतियोगिता में वाटर प्लस एवं फाइव स्टार रैंकिंग हासिल करने तथा राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के प्रयास किया जा रहे है। बैठक के दौरान स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में निगम द्वारा आयोजित की गईं विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों एवं नगर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की जाकर कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर की सफाई व्यवस्था में और अधिक सुधार लाने की दिशा में कारगर प्रयास करने के निर्देश दिए।कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम के माध्यम से संचालित हो रही प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत ऋण प्राप्त करने हेतु लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लंबित एवं प्राप्त नवीन प्रकरणों पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए ऋण स्वीकृति हेतु बैंक की ओर प्रेषित करने तथा उनके निराकरण में आ रही समस्याओं की जानकारी से डी एल सी सी की बैठक में अवगत कराने के निर्देश दिए।