राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उमरिया के समीप देर शाम चाकू बाजी होने की घटना सामने आई है। कहा जा रहा है कि मामूली सी बात को लेकर उपजे विवाद के कारण कुछ लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू बाजी में युवक के पेट में गहरी चोटें आई हैं। घायल को पहले रीठी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया है।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम मुहासा निवासी राहुल बर्मन नामक युवक का विवाद कटनी निवासी राजू ठाकुर एवं कुछ अन्य युवकों से हो गया। ग्राम उमरिया के समीप हुए इस विवाद के कारण युवकों ने राहुल के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर चाकू बाजों ने राहुल को पेट में चाकू मारी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे रीठी अस्पताल पहुंचाया जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कटनी रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।