घाटशिला उपचुनाव के लिए सोमेश सोरेन झामुमो के उम्मीदवार, केंद्रीय समिति की बैठक में फैसला
हजारीबाग/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान झामुमो ने आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए दिवंगत विधायक रामदास सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि वह झामुमो परिवार के कर्मठ साथियों के साथ बैठक में शामिल हुए। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को याद करते हुए कहा कि पूर्व की बैठकों में गुरुजी की उपस्थिति पार्टी का संबल और साहस थी। सोरेन ने कहा कि भले ही आज वह गुरुजी के आशीर्वचन नहीं सुन पाए, लेकिन उनका निर्देशन और दिखाया रास्ता सदैव संघर्ष पथ पर राह दिखाता रहेगा।
घाटशिला उपचुनाव के उम्मीदवार की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महान आंदोलनकारी और उनके अभिभावक स्वरूप स्वर्गीय रामदास सोरेन दा के बड़े बेटे, मेहनतकश युवा नेता सोमेश सोरेन को झामुमो ने अपना प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस तरह रिकॉर्ड जीत के साथ घाटशिला की जनता ने रामदास सोरेन दा को आशीर्वाद दिया था, उसी तरह इस उपचुनाव में भी जनता सोमेश सोरेन को अपना भरपूर स्नेह और आशीर्वाद देगी।
केंद्रीय समिति की यह बैठक घाटशिला उपचुनाव के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी, जिसमें प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाई गई।
मुख्यमंत्री ने ‘स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें!’ और ‘स्व रामदास दा अमर रहें!’ के नारों के साथ अपनी बात समाप्त की और ‘जय झारखण्ड!’ का जयघोष किया।