पीडीए चौपाल में राजकुमार भाटी का बयान, तानाशाही शासन से मुक्ति दिलाएगी सपा
सहारनपुर । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अहंकारी और तानाशाह बताते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र खतरे में है और अब केवल समाजवादी पार्टी ही जनता की आवाज बनकर इस तानाशाही शासन को रोक सकती है।
वे आज दिल्ली रोड स्थित गुर्जर भवन में अमित गुर्जर शिवपुर द्वारा आयोजित पीडीए चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राजकुमार भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संविधान की मर्यादा के विपरीत कार्य कर रहे हैं, गरीबों के घर तोड़े जा रहे हैं और अपराध नियंत्रण में सरकार पूरी तरह विफल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सत्ता गोरखनाथ पीठ के रिश्तों के बल पर मिली है।
उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज को अपनी ताकत पहचाननी होगी और 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर समाज को उचित भागीदारी दिलानी होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 32 जिलों की 134 विधानसभाओं में गुर्जर समाज का मजबूत प्रभाव है, लेकिन वोटों का बिखराव समाज की शक्ति को कमजोर कर देता है।
भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार जातिगत भेदभाव कर रही है और धर्म के नाम पर समाज को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज सनातन संस्कृति का सम्मान करता है, किसी का विरोध नहीं। इस बार वे चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि गुर्जर समाज को एकजुट करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही दादरी में एक विशाल सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें गुर्जर समाज अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेगा।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मांगे राम कश्यप, चंद्रशेखर यादव, फरहाद आलम, हैदर अली, फैसल सलमानी, विनोद गुर्जर समेत कई नेताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश कुमार ने की जबकि संयोजक अमित गुर्जर शिवपुर ने कहा कि गुर्जर समाज 2027 में हर स्तर पर समाजवादी पार्टी का समर्थन करेगा।
कार्यक्रम में विपिन पवार, पदम सिंह गुर्जर, अबू बकर चौधरी, जयवीर सिंह एडवोकेट, चौधरी सलीम अख्तर, फैजान अली सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़