डीआईजी के अलर्ट मोड निर्देशों के बावजूद हुई वारदात, पुलिस की गश्त और तत्परता पर प्रश्नचिह्न!
सहारनपुर। थाना नकुड़ क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम फंदपुरी पुलिस चौकी के पास हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। खेड़ा अफगान निवासी पिकअप चालक हामिद अली खान की कुछ युवकों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
त्योहारों के मद्देनजर हाल ही में पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने सभी थानों को अलर्ट मोड पर रहने, फ्लैग मार्च और लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद फंदपुरी चौकी के पास हुई यह वारदात पुलिस की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हामिद अली अपनी पिकअप लेकर फंदपुरी की ओर जा रहा था। रास्ते में खेड़ा अफगान के बाहर कुछ बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद हामिद वहां से निकल गया, लेकिन गुस्साए युवक अपने अन्य साथियों को बुलाकर उसके पीछे लग गए। चौकी के नजदीक ही उन्होंने हामिद की पिकअप को रोककर उस पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हामिद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं चौकी के पास हुई हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मामला बढ़ता देख एसपी देहात सागर जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांति बनाए रखने की अपील की और निष्पक्ष जांच व शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मृतक के परिजनों ने चापरचिड़ी गांव निवासी मनीष पुत्र राजपाल, मोहित पुत्र ओमकार तथा उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। बताया गया कि मनीष और मोहित आपराधिक प्रवृत्ति के युवक हैं और क्षेत्र में गुंडागर्दी के लिए कुख्यात हैं।
गौरतलब है कि सहारनपुर पुलिस इन दिनों अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ चलाकर सख्त कार्रवाई कर रही है, जिसके चलते कई बदमाश थानों में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। लेकिन चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई यह हत्या पुलिस की चौकसी और गश्त व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़