नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
दीपावली पर ‘वोकल फॉर लोकल’ की गूंज: विधायक प्रदीप प्रसाद ने की स्वदेशी दीपों से घर सजाने की अपील
हज़ारीबाग़। दीपावली के पावन पर्व से पहले हज़ारीबाग़ के विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्थानीय कारीगरों के सम्मान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त करने का आह्वान किया है। उन्होंने जनता से इस बार स्वदेशी दीपों और उत्पादों को अपनाने की अपील की।
इसी कड़ी में, रविवार को विधायक प्रदीप प्रसाद अपनी बिटिया के साथ स्थानीय कुम्हारों के पास पहुँचे और स्वयं उनसे मिट्टी के दीप खरीदे।
विधायक ने इस अवसर पर कहा कि “त्योहारों का सार केवल खुशियों का उत्सव नहीं है, बल्कि अपने लोकल शिल्पकारों और मेहनतकश हाथों का सम्मान करने का अवसर भी है। जब हम अपने कुम्हार भाईयों के बनाए मिट्टी के दीप जलाते हैं, तो केवल घर ही नहीं, उनके जीवन में भी उजाला भरता है।”
‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-जन तक पहुंचाएं
विधायक प्रसाद ने जोर देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत का वास्तविक अर्थ तभी साकार होगा जब हम अपने लोकल उत्पादों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाना हर नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने इस दीपावली का मंत्र “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” बताते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों से खरीददारी कर हम उनके परिश्रम का सम्मान करें और अपने त्योहार को आत्मनिर्भरता की भावना से जोड़ें।
चीनी उत्पादों से परहेज की अपील
विधायक ने जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि इस दीपावली पर चीनी या विदेशी उत्पादों से परहेज़ करें और इसके बजाय स्वदेशी वस्तुओं, मिट्टी के दीपों, देशी मिठाइयों और स्थानीय हस्तशिल्प को अपनाएँ। उन्होंने कहा कि इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण और पारंपरिक कारीगरों के जीवन में भी नई रोशनी फैलेगी।
अंत में प्रदीप प्रसाद ने कहा कि, “दीप जलाना केवल रोशनी का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की, स्वदेशी गर्व की, और अपने लोकल नायकों के सम्मान की भावना है। आइए, इस दीपावली हर घर को स्वदेशी दीपों से जगमगाएँ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाएँ।”