दुद्धी सोनभद्र।थाना कोतवाली दुद्धी पुलिस ने भतीजे की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित तलवार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बीते रविवार की शाम लगभग 6:30 बजे ग्राम नगवां किरकिरिया टोला निवासी पच्चू सिंह खरवार ने थाना दुद्धी में तहरीर दी कि उनके लड़के जीत सिंह की हत्या उनके ही भाई छोटू उर्फ छट्ठू पुत्र बुद्धराम ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से कर दी। बीच बचाव करने पहुंचे परिवारजनों से गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 अक्टूबर को दोपहर 3:45 बजे दुद्धी-अमवार रोड स्थित पुनर्वास कॉलोनी तिराहा ग्राम अमवार से आरोपी छोटू उर्फ छट्ठू लगभग 46 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी तलवार बरामद की गई।
गिरफ्तारी पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह,व0उ0नि0 सुरेश चन्द्र द्विवेदी,उ0नि0 हरिकेश आजाद, तथा थाना फोर्स के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 352, 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किए जाने की कार्यवाही की है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह