दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने रेलवे पटरी के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त सिकंदर वियार लगभग 21 वर्ष पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र वियार निवासी सलैयाडीह के रूप में की।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर शौच के लिए गए कुछ लोगों ने रेल पटरी के पास पोल संख्या 56/21 और 57/21 के बीच शव देखा और तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मृतक सिकंदर पेशे से ड्राइवर था और उड़ीसा में रहकर वाहन चलाता था। वह दशहरा पर्व पर अपने घर आया हुआ था।
परिजनों का कहना है कि सोमवार की रात वह दीपावली खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव रेल पटरी किनारे मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के छोटे चाचा सुरेश उर्फ दिलवाले और भाई प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि किसी ने सिकंदर की हत्या कर शव को पटरी पर रखा है ताकि घटना ट्रेन से कटने की लगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना पर विंढमगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह