नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
छठ से पहले एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने किया बक्शीडीह घाट का निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता पर दिया जोर
दारू/हजारीबाग: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के मद्देनजर प्रखंड क्षेत्र के छठ घाटों पर सफाई और व्यवस्था का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बक्शीडीह स्थित प्रमुख छठ घाट का निरीक्षण विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बैजनाथ प्रसाद और दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने संयुक्त रूप से किया।
अधिकारियों ने घाट परिसर की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और छठ घाट समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की। समिति ने अधिकारियों को बताया कि बक्शीडीह घाट पर हर वर्ष भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित की जाती है और यहाँ छठव्रतियों सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होते हैं। इस दौरान पूरे क्षेत्र को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाता है।
थाना प्रभारी ने स्वयं उठाई कुदाल
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने विशेष रूप से जल की गहराई, सुरक्षा हेतु गोताखोरों की उपलब्धता, समुचित सफाई व्यवस्था और घाट तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने स्वयं कुदाल लेकर सफाई कर्मियों के साथ मिलकर साफ-सफाई में भागीदारी निभाई, जो स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणा का विषय रहा। दोनों अधिकारी घाट की तैयारियों और व्यवस्था को देखकर संतुष्ट नज़र आए।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसडीपीओ
एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भीड़ प्रबंधन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा न हो। उन्होंने उपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएँ निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएं।
प्रशासन की इस पहल से छठ घाट समिति के सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु काफी उत्साहित हैं और उन्होंने सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति प्रशासन के समर्पण की सराहना की है।