इंडिया टीवी ब्यूरो चीफ राजेश मौर्य
जनपद कुशीनगर बेटे के साथ मारपीट की शिकायत लेकर गुरवलिया बाजार पहुंचे तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र मठिया गांव निवासी सलीम अंसारी (50) को बुधवार रात मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान सलीम के बड़े बेटे नबी रसूल (29) के सिर पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। हालांकि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है पर एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र सेमरा हरदो गांव में दिवाली पर चार दिवसीय मेला लगा है। मठिया गांव निवासी सलीम अंसारी का छोटा बेटा आजाद मेले में गया था। वहां से लौटते समय गुरवलिया बाजार चौराहे पर एक दुकान पर कुछ खाने के लिए रुका। वहां पहले से चौराहे पर ही दुकान चलाने वाले तीन-चार युवक मौजूद थे। आजाद की किसी बात को लेकर उनसे कहासुनी हो गई, जिस पर उन्होंने उसे पीट दिया। आजाद से घर पहुंचकर यह बात पिता सलीम और बड़े भाई नबी को बताई। सलीम और नबी चौराहे पर पहुंच गए और मनबढ़ों से बेटे को पीटने को लेकर आपत्ति की। इस पर मनबढ़ों ने गुस्से में नबी के सिर पर चाकू से हमला कर दिया।
सलीम ने बीच बचाव की कोशिश की तो उन्होंने लाठी-डंडे से सलीम पर भी हमला कर दिया। दोनों बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सलीम को मृत घोषित कर दिया। नबी का इलाज चल रहा है।