नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता: 2.7 किलो अफीम के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, पंजाब ले जाने की थी तैयारी
हजारीबाग पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई में 7 लोगों को दबोचा; ब्राउन शुगर भी बरामद
हजारीबाग। “सेवा ही लक्ष्य” के तहत झारखंड पुलिस ने हजारीबाग जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज कुछ दिनों के भीतर तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में अफीम व ब्राउन शुगर बरामद की है।
सबसे बड़ी सफलता गुरुवार (23 अक्टूबर 2025) को अहले सुबह मिली, जब पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम के पास अफीम की खरीद-बिक्री करने जा रहे चार व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
छड़वा डैम के पास 2.7 किग्रा अफीम जब्त
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 23 अक्टूबर की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि छड़वा डैम के पास अफीम की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने छड़वा डैम के पास छापेमारी की। इस दौरान, एक छह चक्का गाड़ी (PB10HG 0296) के पास तीन मोटरसाइकिल रुकी हुई मिलीं। पुलिस को देखकर सभी लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस पार्टी ने पीछा कर चार व्यक्तियों को दौड़ाकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपना नाम संदीप कुमार (चतरा), मो० जाहिद आलम (चतरा/रांची), मो० सहजाद उर्फ सोनू (चतरा/रांची) और मंजीत सिंह (लुधियाना, पंजाब) बताया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे अफीम का अवैध कारोबार करते हैं और बरामद अफीम को छह चक्का गाड़ी से पंजाब के लुधियाना ले जाने वाले थे।
पुलिस ने छह चक्का गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें 2.7 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा, तीन मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल भी जब्त किए गए। इस संबंध में कटकमसांडी (पेलावल) थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दो अन्य सफल कार्रवाइयाँ
हजारीबाग पुलिस ने दो अन्य सफल कार्रवाईयों में भी नशीले पदार्थों के तस्करों को
गिरफ्तार किया है: पेलावल ओपी में ब्राउन शुगर जब्त: 20 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने पेलावल ओपी गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक काला रंग की केटा गाड़ी को रोका। गाड़ी सवार दो व्यक्ति— सचिन कुमार (चतरा) और अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना (गया/चतरा)—भागने का प्रयास कर रहे थे। तलाशी में दोनों के पास से 40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। केटा गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
बरही में अफीम तस्कर गिरफ्तार: 11 अक्टूबर 2025 को एसडीपीओ, बरही अजीत कुमार बिमल के नेतृत्व में गठित टीम ने चौपारण की तरफ से अफीम तस्करी करने आ रहे एक व्यक्ति— राजकुमार सिंह (चौपारण, हजारीबाग)—को रसोइया धमना के पास पकड़ा। उसके पास से 360 ग्राम अफीम बरामद हुई।
बिहार चुनाव के मद्देनजर विशेष अभियान
हजारीबाग पुलिस ने बताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के मद्देनजर विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबारियों के विरुद्ध लगातार छापामारी कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, जिसका परिणाम इन सफल गिरफ्तारियों के रूप में सामने आया है।