नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
भारतीय रिजर्व बैंक की विशेष पहल: क्षेत्रीय निदेशक ने हजारीबाग में किया वित्तीय समावेशन शिविर का निरीक्षण
हजारीबाग। वित्तीय समावेशन और पुनः केवाईसी अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई), झारखंड के क्षेत्रीय निदेशक, प्रेम रंजन प्रसाद सिंह ने गुरुवार को हजारीबाग जिले के सिलवार पंचायत में आयोजित विशेष शिविर का दौरा किया।
इस अवसर पर, सिंह ने बैंक अधिकारियों और बैंकिंग संवाददाताओं (BC) से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की सुविधा को देखते हुए शिविरों का आयोजन देर शाम तक करने का सुझाव दिया।
अभियान की सफलता के लिए ‘जन-गण-मन’ सूत्र
सिंह ने अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु “जन-गण-मन” सूत्रमंत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ‘जन’ का अर्थ है जनता, जिसके हित में यह अभियान है; ‘गण’ का अर्थ है बैंकिंग अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी; और ‘मन’ का अर्थ है समर्पण, निष्ठा और मनोयोग से किए गए प्रयास। उन्होंने इस संयुक्त प्रयास से वित्तीय समावेशन अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विशेष ध्यान
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थियों को
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, जैसे – प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जोड़ा गया। इसके अलावा, बैंक खातों का पुनः केवाईसी (KYC), निष्क्रिय खातों का सक्रियण, नामांकन (Nomination) और नए जन धन खाते खोलने का कार्य भी किया गया।
शाम 4 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शिविर में 3154 खातों का पुनः केवाईसी किया गया, 583 नामांकन संपन्न हुए, और 2657 ग्राहकों का बीमा योजनाओं में पंजीकरण किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, 22 बैंकिंग संवाददाता (BC), CFL सदस्य और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। क्षेत्रीय निदेशक ने सभी बैंकों और हितधारकों से इस महाअभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की।