नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
होटल और कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, 70-80 लाख का नुकसान
दिपुगढ़ा सिंचाई कॉलोनी के पास हादसा; दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
हजारीबाग। झारखण्ड के हजारीबाग शहर के दिपुगढ़ा सिंचाई कॉलोनी के पास गुरुवार की अहले सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना में एक ही बिल्डिंग में संचालित होटल और कपड़े की दुकान जलकर खाक हो गई। इस भीषण अग्निकांड में लगभग 70 से 80 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके निचले तल पर अन्वी वस्त्रालय एंड ड्रेसेस (कपड़ा दुकान) और ऊपरी तल पर पार्क व्यू होटल एंड रेस्टोरेंट संचालित था।
गुरुवार की अहले सुबह करीब तीन बजे स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग से घना धुआँ उठते देखा, जिसके बाद देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के अन्य मकानों में फैलने से रोका। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अगर विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
आगजनी की इस घटना में भारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। होटल संचालक विकास कुमार यादव को लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है, जबकि कपड़े की दुकान के ऑनर अजीत कुमार मेहता को करीब 50 से 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। अजीत कुमार मेहता ने घटना के संबंध में अग्निशमन विभाग को लिखित आवेदन दिया है।
दुकान के ऑनर अजीत कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। रात में किसी भी प्रकार की विद्युत गड़बड़ी या शॉर्ट सर्किट की जानकारी नहीं थी।
फिलहाल, प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।