बिजनौर में फॉर्म-19 जमा करने की प्रक्रिया शुरू, आवेदन की समय सीमा और पात्रता तय
बिजनौर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों की तैयारी को लेकर एक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में हुई। बैठक में फॉर्म-19 के आवेदनों की समीक्षा की गई और मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के अनुसार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण 30 सितंबर 2025 से शुरू हो चुका है। पात्र व्यक्ति 6 नवंबर 2025 तक फॉर्म-19 पर आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर 2025 को किया जाएगा।
25 नवंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक फॉर्म-19 पर दोबारा आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जबकि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर 2025 को होगा। भारत का कोई भी नागरिक, जो बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का निवासी हो और 1 नवंबर 2025 से पहले छह वर्षों में कम से कम तीन वर्ष तक माध्यमिक या उच्च शिक्षा संस्थान में शिक्षण कार्य कर चुका हो, वह मतदाता सूची में शामिल होने का पात्र होगा।
सभी पात्र आवेदकों के फॉर्म-19, को जिला विद्यालय निरीक्षक बिजनौर द्वारा सत्यापित किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत ये फॉर्म संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी कार्यालयों में जमा किए जाएंगे।
बैठक में उप जिलाधिकारी धामपुर स्मृति मिश्रा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सपा से अख़लाक़ पप्पू ,भाजपा से धीर सिंह, बसपा से मोहम्मद सिद्दीक उपस्थित रहे। INDIAN TV NEWS से मंडल प्रभारी डॉ शाह नवाज़ की रिपोर्ट