नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
सांसद मनीष जयसवाल ने जताया शोक: हजारीबाग में तालाब में डूबने से चार मासूमों की दर्दनाक मौत, ₹4 लाख की सहायता राशि दिलाने का आश्वासन
हजारीबाग। छठ पूजा के ठीक बाद, हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम झरदाग से एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। आज दोपहर लगभग 12:00 से 1:00 बजे के बीच, एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र और प्रशासन को झकझोर कर रख दिया है।
स्थानीय सांसद मनीष जयसवाल ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे ‘बेहद दुखद और हृदयविदारक’ बताया।
सांसद जयसवाल ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए जिले के उपायुक्त महोदय से बात की है। उन्होंने कहा, “हमारा हर संभव प्रयास है कि आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹4 लाख की सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।”
उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि पीड़ित परिवार को हर प्रकार की सहायता समय पर मिल सके।
सांसद के अनुसार, सभी मृतक बच्चों का पोस्टमार्टम आज रात तक कर दिया जाएगा।
सांसद मनीष जयसवाल ने ईश्वर से दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति देने और शोक संतप्त परिवार को इस भीषण आघात को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।