नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
मुख्यमंत्री पशुधन योजना: पात्र लाभुकों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश
हजारीबाग। उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यमंत्री पशुधन योजना की जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सुकर पालन, बकरा पालन, बतख पालन, कुक्कुट पालन और डेयरी से संबंधित लाभुकों के चयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
पात्रता और पारदर्शिता पर ज़ोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि योजना के तहत सभी प्रखंडों के पात्र लाभुकों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि लाभुकों के चयन में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।
प्राथमिकता: पुराने आवेदनों और अब तक छूटे हुए इलाकों के पात्र लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया जाए।
सत्यापन: उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योजना के तहत चयनित सभी लाभुकों की सूची का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभ योग्य, गरीब, विधवा एवं दिव्यांग लाभुकों तक ही पहुँच सके।
“सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम से जोड़ें लाभुकों को
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान भी ऐसे पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति वंचित न रह जाए।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर बल
उपायुक्त ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और पशुधन आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
बैठक में उपायुक्त के अलावा प्रशिक्षु आईएएस, जिला परिषद अध्यक्ष, जिला पशुपालन पदाधिकारी, गव्य विकास पदाधिकारी, समिति के सदस्यगण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।