राजेश मौर्य इंडियाटीवी
तहसील सभागार में शनिवार को डीएम और एसपी की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 47 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें से केवल चार मामलों का मौके पर निस्तारण कर शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत लेकर पहुंचे कछुहिया निवासी इंद्रासन प्रसाद ने डीएम से कहा कि साहब, हमने वर्ष 2006 में बैनामे की जमीन लिया था। उसी समय से बैनामे की ली गई जमीन की पैमाइश कराने के लिए तहसील में दौड़ रहा हूं, लेकिन हर बार आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया जाता है। कसया संवाद के अनुसार गड़हिया निवासी फूला देवी ने डीएम से शिकायत कि लेखपाल ने गलत वरासत कर दिया है। उन्होंने हलका लेखपाल पर नाम सही कराने काे लेकर 10 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। डीएम ने इस मामले में एसडीएम से पूछा तो एसडीएम डाॅ. संतराज ने बताया कि यह शिकायत उनके सामने भी आई है।रुपये की मांग गांव का ही कोई व्यक्ति किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तहसीलदार काे मौके पर जाकर दो दिनों के भीतर उनकी समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिए।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आए शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करें। जिन शिकायतों का निस्तारण तत्काल नहीं हो सका है उसका निस्तारण निर्धारित अवधि के भीतर सुचिता एवं पारदर्शिता के साथ गुणवत्ता पूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण करें। उन्होंने चेताया कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। एसपी केशव कुमार ने कहा कि राजस्व विभाग की सहायता से टीम बनाकर शिकायतों को गंभीरता से निस्तारण करें।