धवई में कोटेदार की मनमानी से ग्रामीण त्रस्त
महीनों से नहीं मिला राशन कार्रवाई की मांग तेज
सिंगरौली/चितरंगी।
निर्माण मजदूर संगठन एटक मध्य प्रदेश के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार पाठक
जिला सचिव राज मिश्रा के निर्देशन में ब्लॉक अध्यक्ष मंगलेश्वर प्रसाद मिश्रा एवं उपाध्यक्ष रूपेश कुमार पटेल एवं त्रिविक्रम प्रसाद द्विवेदी जिला मीडिया प्रभारी रवि कुमार बैस ने ग्राम पंचायत धवई का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामवासियों ने बताया कि माह जून से अब तक शासकीय उचित मूल्य दुकान से उन्हें राशन नहीं मिला, जबकि अंगूठा लगवा लिया गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर दिनांक 06 नवंबर 2025 को जिला खाद्य अधिकारी को आवेदन दिया गया था। जिला खाद्य अधिकारी ने इस मामले में तहसीलदार चितरंगी को जांच के निर्देश दिए थे, किंतु आज दिनांक तक जांच नहीं की गई है। दिनांक 11 नवंबर को जब संगठन के पदाधिकारी गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार न केवल राशन देने से इनकार कर रहा है, बल्कि डरा-धमकाकर गाली-गलौज भी करता है। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार राशन कार्ड (कूपन) फेंक देता है और खुलेआम कहता है जहां शिकायत करनी है करो मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। इस रवैये से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से तहसीलदार महोदय से स्वयं गांव में आकर जांच करने और कोटेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि हम गरीब हैं, राशन हमारा हक है — लेकिन कोटेदार की मनमानी से हमें महीनों से भूखे रहना पड़ रहा है।
निर्माण मजदूर संगठन (एटक) ने भी इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आग्रह किया है कि जिला अध्यक्ष संतोष कुमार पाठक की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि गरीबों को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की मनमानी पर रोक लगे।