नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
खिलाड़ी खेल के माध्यम से झारखंड का नाम ऊँचा करें – मुन्ना सिंह
हजारीबाग: खुटरा पंचायत स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम में बुधवार को आयोजित एकता फुटबॉल टूर्नामेंट का ग्रैंड फिनाले बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुन्ना सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन, एकता और आत्मविश्वास सीखना चाहिए। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को निखारते हैं और उन्हें राज्य व देश का नाम रोशन करने का अवसर देते हैं।” उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल के माध्यम से झारखंड का नाम ऊँचा करें।
इस अवसर पर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह ख़ान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि “खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह युवाओं में टीम भावना, अनुशासन और सामाजिक एकता को सशक्त करने का माध्यम है।” उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि आसिफ मोहम्मद भी उपस्थित रहे, जबकि मंच संचालन गुडु जी ने किया। सफल आयोजन के लिए मुख्य आयोजक मो. मासूम प्रवेज और उनकी टीम की सराहना की गई।
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबला हजारीबाग बुल्स इलेवन और रामगढ़ टीम के बीच खेला गया। विजेता टीम को ₹1,00,000 तथा उपविजेता टीम को ₹50,000 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संजय अख्तर, मोती भाई, आजिम, बाबर अंसारी (पूर्व प्रमुख) सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।