सहारनपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई
जनता की समस्याएं सुनीं और त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन व क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता के साथ पुलिस कार्यालय सहारनपुर में सामूहिक जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं आवेदन पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक प्रकरण को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी ने इस अवसर पर निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर उसकी सूचना शिकायतकर्ता को अवश्य दी जाए, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच पारदर्शी संवाद स्थापित करना है, जिससे जनपद में सुशासन एवं कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़