दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में शिव मंदिर के आगे मोड़ पर शुक्रवार की देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान आर्यन जायसवाल (25) पुत्र दुबेश प्रसाद एडवोकेट निवासी कस्बा दुद्धी वार्ड नंबर 6 और दिलीप शर्मा (20 वर्ष) पुत्र महेंद्र शर्मा निवासी कस्बा वार्ड नंबर 6 पोस्ट ऑफिस के पास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक डुमरडीहा से दुद्धी की ओर आ रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने दोनों को गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह