नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर अपराध के नेटवर्क का भंडाफोड़, ₹1.5 लाख कैश सहित 4 अपराधी गिरफ्तार
डुमर गांव में ग्रामीणों के खाते और ATM कार्ड का हो रहा था दुरुपयोग; दो कारें जब्त
हजारीबाग। झारखंड पुलिस को साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफसिल थाना क्षेत्र से चार अंतर-जिला साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इन अपराधियों के पास से ₹1.5 लाख नकद, 19 ATM/डेबिट कार्ड, 11 स्मार्टफोन और दो लक्जरी कारें जब्त की गई हैं।
गुप्त सूचना पर हुआ खुलासा
दिनांक 16 नवंबर 2025 को शाम करीब 07 बजे पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिहार नंबर की काले रंग की कार से डुमर गांव के लोगों को झांसा देकर उनके बैंक खाते और एटीएम कार्ड ले रहे हैं। इन खातों में साइबर अपराध का पैसा आता था, जिसे ये अपराधी निकालकर मुख्य साइबर फ्रॉड करने वालों तक पहुंचाते थे।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए, अपर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में तत्काल एक छापामारी टीम का गठन किया गया।
जंगल के पास हुई गिरफ्तारी
गठित टीम ने मुफसिल थाना क्षेत्र के डुमर स्थित सरौनी खुर्द जंगल के पास घेराबंदी की। वहां एक काला रंग का हुंडई ALCAZAR कार (पंजीयन सं०-BR02BG-7005) और एक सफेद रंग का ब्रेजा कार (पंजीयन सं०-JH10DE-5254) एक साथ आते हुए देखा गया।
ALCAZAR कार में सवार दो व्यक्तियों— राजू वर्मा और शिवा कुमार— को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में एटीएम कार्ड, बैंक खाते की प्रतियां और ₹1,50,000/- नकद बरामद हुए।
पेशावर फ्रॉड देवघर और गिरिडीह से भी जुड़े
पूछताछ में राजू वर्मा और शिवा कुमार ने स्वीकार किया कि उन्होंने अलग-अलग व्यक्तियों को कुछ पैसे का लालच देकर उनके एटीएम कार्ड लिए थे। साइबर अपराधियों द्वारा भेजे गए पैसे को वे इन्हीं कार्डों से निकालकर, अपना हिस्सा रखने के बाद बाकी रकम मुख्य फ्रॉड करने वालों को देते थे। बरामद ₹1.5 लाख भी साइबर अपराध से संबंधित है, जिसे वे एटीएम से निकालकर पहुंचाने जा रहे थे।
इनकी निशानदेही पर, दो पेशेवर साइबर फ्रॉड मो० जाकिर अंसारी (गिरिडीह) और तसलीम अंसारी (देवघर) को भी ब्रेजा कार सहित गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार और बरामद सामान: गिरफ्तार व्यक्ति पता : तसलीम अंसारी- बंसमी, मार्गो मुंडा, देवघर। राजू वर्मा सिंदूर, कोर्रा, हजारीबाग । शिवा कुमार – हनुमान नगर, मार्खम कॉलेज, हजारीबाग । मो० जाकिर अंसारी- फुलझरिया, अहिल्यापुर, गिरिडीह
बरामद सामान:नकद राशि: ₹1,50,000/-, विभिन्न बैंक के ATM/डेबिट कार्ड: 19, स्मार्टफोन: 11, सिम कार्ड: 06 पीस, वाहन: हुंडई ALCAZAR और ब्रेजा कार 2
इस कार्रवाई के संबंध में मुफसिल थाना में कांड सं0-192/25 दिनांक-17 नवंबर 2025 दर्ज कर सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।