नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
सरदार पटेल की 150वीं जयंती: हज़ारीबाग़ में ‘विकसित भारत पदयात्रा’ का भव्य आयोजन, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
हज़ारीबाग़: लौहपुरुष एवं राष्ट्रीय एकता के महान प्रतीक, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर, हज़ारीबाग़ में मंगलवार को ‘विकसित भारत पदयात्रा’ का ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में हज़ारीबाग़ के विधायक प्रदीप प्रसाद ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे युवाओं में विशेष उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विनोबा भावे विश्वविद्यालय (VBU) के सभागार में दीप प्रज्वलन, विनोबा भावे जी और सरदार पटेल जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इसके बाद, हज़ारीबाग़ के हज़ारों युवा एवं विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लिए और “सरदार पटेल अमर रहें” तथा “विकसित भारत” के जयघोष के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। VBU से शुरू हुई यह जिला स्तरीय पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुज़री, जिसने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और ज़िम्मेदार नागरिकता का सशक्त संदेश दिया।
पदयात्रा में शामिल विधायक प्रदीप प्रसाद ने इस अवसर पर कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय कर्तव्य और एकता के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि हज़ारीबाग़ की जनता इस संदेश को घर-घर तक पहुँचाकर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हज़ारीबाग़ की मिट्टी सदैव राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रही है और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, उप विकास आयुक्त इस्तियाक अहमद, अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिंह, VBU के DSW डॉ. विकास कुमार, NSS समन्वयक जॉनी रूफीना तिर्की, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिश श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता केपी ओझा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष टून्नु गोप, अशोक यादव, कुणाल दुबे, दिनेश सिहं राठौर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, MY Bharat के हिमांशु कुमार सहित अनेक अधिकारी, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल रहे।