उरई(जालौन):
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों के नवीन निर्माण प्रस्तावों पर जिलाधिकारी ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रोजेक्ट अलंकार योजनान्तर्गत राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों तथा अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के निर्माण कार्यों से संबंधित नवीन प्रस्तावों के प्रेषण पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों के परीक्षण एवं समयबद्ध प्रेषण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत 28 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों से विद्यालय स्तर एवं कार्यदायी संस्था (उ.प्र. आवास विकास परिषद, झांसी) द्वारा प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों में विद्यालयों को 31 पैरामीटर पर विकसित किए जाने हेतु कार्य शामिल हैं, स्वच्छ पेयजल, पृथक शौचालय ब्लॉक, अतिरिक्त कक्षाएँ, भौतिक/रसायन/जीव विज्ञान प्रयोग शालाएँ, मल्टीपरपज हॉल, साइकिल स्टैंड, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय कक्ष, सोलर प्लांट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, दिव्यांगजन शौचालय, ग्रुप हैंडवाशिंग यूनिट,भवन टायलीकरण, प्रधानाचार्य कक्ष, स्टॉफ रूम, रसोईघर में सतत नल-जल आपूर्ति, रंगाई-पुताई, विद्युत कनेक्शन एवं वायरिंग, फर्नीचर, तथा सीसीटीवी आदि। कार्यदायी संस्था द्वारा तैयार कुल 4242.06 लाख रुपये के आगणन प्रस्ताव जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुमोदन के उपरांत शिक्षा निदेशक, उ.प्र. प्रयागराज को प्रेषित किए जाएंगे। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों हेतु 512.25 लाख के प्रस्ताव। जनपद के 13 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में निर्माण कार्य हेतु कार्यदायी संस्थाओं से प्राप्त आगणन का तहसील स्तरीय नामित समिति (उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में) द्वारा सत्यापन किया गया है। सत्यापन उपरांत 512.25 लाख रुपये के नवीन प्रस्ताव शिक्षा निदेशक, उ.प्र. प्रयागराज को भेजे जाएंगे। इसी क्रम में, 1 अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के निर्माण कार्य संबंधी प्रस्ताव का भी तहसील स्तरीय समिति द्वारा सत्यापन पूरा कर लिया गया है। जनपद से 25.00 लाख रुपये का नवीन प्रस्ताव शिक्षा निदेशक, उ.प्र. प्रयागराज को प्रेषित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावों को नियमानुसार, पारदर्शी रूप से तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रेषित किया जाए, जिससे विद्यालयों के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण में गति लाई जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार पंडित आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश