अतिक्रमण हटाने के नोटिस पर व्यापारियों में आक्रोश, विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान से लगाई गुहार

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नगर पंचायत द्वारा कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत लगातार नोटिस भेजे जाने से छोटे फड़ व्यापारियों में भारी नाराज़गी फैल गई है। इसी क्रम में सैकड़ों व्यापारी एकजुट होकर शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान के आवास पहुंचे और अपनी समस्याएँ रखते हुए गुहार लगाई।
व्यापारियों ने कहा कि वे वर्षों से अपने-अपने फड़ व दुकानों के सहारे परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। यदि नगर पंचायत उन्हें वर्तमान स्थानों से हटाती है तो उनके सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा और कई परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच सकते हैं। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कस्बे के एक नेता के चक्कर में छोटे व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।
व्यापारियों की बात सुनने के बाद विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर को बुलाकर चर्चा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से आग्रह किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे फड़ व्यापारियों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े और किसी व्यापारी का रोजगार प्रभावित न हो।
अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान शासन के निर्देश पर चल रहा है और जिन लोगों ने नगर पंचायत की भूमि पर कब्जा कर रखा है, उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा।
इस दौरान व्यापारी सूरज राठौर, प्रेमी शर्मा, रमेश गुप्ता, प्रेमपाल, कोविद कुमार, रजत वर्मा, रामगोपाल सक्सेना, विनोद कुमार माहेश्वरी, सतीश गुप्ता, टोसी सिंह, शेष कुमार श्रीवास्तव, छोटे लाल माहेश्वरी, अंकित गुप्ता, पप्पू समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली