इंडिया टीवी राजेश मौर्य कुशीनगर
रामकोला थाना क्षेत्र के सिंगहा गांव में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की दो दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा सिंगहा-रामकोला मार्ग पर फरना गांव के पास हुआ था।
सिंगहा गांव निवासी 20 वर्षीय राधेश्याम शनिवार शाम अपनी मां के साथ मौसी के घर हल्दी कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राधेश्याम देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामकोला-नौरंगिया मार्ग पर फरना गांव के सामने एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने राधेश्याम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया था। उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और सोमवार दोपहर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।