फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से लूट का फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, चार गिरफ्तार—चार अब भी फरार
फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक क्षेत्र में चार दिन पहले फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस केस में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 80 हजार रुपये नकद, एक टैबलेट, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
अंडरपास के पास हुई थी लूट की वारदात
एसपी मुकेश मिश्रा के अनुसार, घटना चार दिन पहले की है। फाइनेंस कंपनी में कार्यरत लालाराम, निवासी हरदुआ (रामपुर), अपने साथी सुनील के साथ मीरापुर गांव से किस्तें वसूलकर बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही वे रहपुरा अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग झपट्टा मारकर छीन लिया। बैग में 1 लाख 20 हजार रुपये, दो मोबाइल और एक सैमसंग टैबलेट थी।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिला सुराग
पीड़ित की तहरीर पर एसएसपी के निर्देश पर एसओजी और स्थानीय पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और पीड़ित की बाइक के आगे-पीछे चल रही दो संदिग्ध बाइकों का सुराग मिला। इसी के आधार पर पुलिस ने 10–12 संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की।
रात में झाड़ियों से पकड़े गए चार बदमाश
मुखबिर से मिली अहम जानकारी पर पुलिस ने गुरुवार रात रहपुरा अंडरपास के पास रबर फैक्ट्री मैदान में छिपे चार युवकों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अंकित निवासी रफियाबाद, रन सिंह, गोविंद उर्फ जहरीला और मोनू उर्फ मोरपाल, निवासी रहपुरा, के रूप में हुई।
पहले तो आरोपियों ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे टूट गए और लूट की साजिश का खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने लूट को भोलापुर निवासी अजय गंगवार, रफियाबाद के भूपेंद्र गुर्जर, और रहपुरा के सुमित व उबैश (जो फिलहाल फरार हैं) के साथ मिलकर अंजाम दिया था। गोविंद और उबैश पीड़ित की रेकी कर रहे थे।
अवैध हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने उनकी तलाशी में 80 हजार रुपये, लूटी गई टैबलेट, 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार अंकित पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रन सिंह, गोविंद और मोनू पहली बार जेल जा रहे हैं।
चारों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली