जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को परखने एवं और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से देर रात जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्था, साफ-सफाई तथा स्टाफ की उपस्थिति की गहनता से जांच की। जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनके उपचार, दवाइयों की उपलब्धता में जानकारी ली।उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि इमरजेंसी वार्ड में आवश्यक दवाइयां, स्ट्रेचर एवं अन्य जीवन रक्षक उपकरण हर समय उपलब्ध रहें। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होता है। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर उपचार मिले, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शीतलहर के दृष्टिगत अस्पताल परिसर में अलाव जलता मिला।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश