सहारनपुर थाना गंगोह पुलिस की पहल
नशे के खिलाफ थाना गंगोह पुलिस की पहल, ग्रामीणों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
सहारनपुर । ऑपरेशन सवेरा 2.0 के अंतर्गत नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान को लेकर पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक कुमार सिसोदिया के नेतृत्व में थाना तीतरो क्षेत्र के ग्राम धानवा में नशीले पदार्थों के विरुद्ध एक जनसभा का आयोजन किया गया।
जनसभा में उपस्थित ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान पर प्रकाश डाला गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें।
बैठक के दौरान ग्रामवासियों को नशा न करने तथा नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या अवैध नशीले पदार्थों से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक कुमार सिसोदिया, थाना तीतरो प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार सहित थाना तीतरो की पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन सवेरा 2.0 के तहत आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज को नशा मुक्त बनाने का प्रयास जारी रहेगा
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़