दुद्धी सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनजातीय समाज के प्रति समर्पण और उत्थान के ऐतिहासिक प्रयासों को समेटे पुस्तक ‘वनबंधु नरेंद्र मोदी: जनजातीय उत्कर्ष के संवाहक’ का भव्य लोकार्पण 16 दिसंबर को नॉर्थ एवेन्यू, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। दुद्धी निवासी डॉ. विनय कुमार व ज्योत्सना देवी की सुपुत्री राजनंदिनी व सार्थक शुक्ला द्वारा लिखित तथा प्रभात प्रकाशन से प्रकाशित यह पुस्तक पीएम मोदी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के जनजातीय जुड़ाव को रेखांकित करती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि पीएम मोदी ने जनजातीय समाज के आत्मसम्मान, संस्कृति व अधिकारों को राष्ट्रीय विमर्श का केंद्र बनाया है। उन्होंने युवा लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण के लिए लिख रहे हैं, यही विकसित भारत का आधार बनेगा।
विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना ने पुस्तक को जनजातीय नीति व संवेदनशील शासन का प्रामाणिक दस्तावेज बताया। उन्होंने गुजरात सीएम काल के मोदी के विजन का जिक्र किया और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर दिया। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके व महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इसे पीएम की नीति व संवेदना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बताया।
लेखकों ने कहा कि पुस्तक जनजातीय उत्कर्ष को सरकारी योजनाओं से आगे सांस्कृतिक सम्मान व आत्मनिर्भरता के रूप में चित्रित करती है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश के सान्निध्य में संपन्न इस कार्यक्रम का संचालन प्रभात प्रकाशन के निदेशक प्रभात कुमार ने किया।परिजनों शुभचिंतकों में खुशी है वहीं दुद्धी व सोनभद्र के लिए यह गौरव का विषय है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)