फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। बुधवार को गांव अगरास और टिटौली के बीच स्थित पूर्व विधायक के बाग में भारी मात्रा में खून और गोबर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया गौवध की आशंका को देखते हुए गौ रक्षा परिषद कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और पशुचिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
गौ रक्षा परिषद के जिला प्रभारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि गांव अगरास के जंगल में स्थित पूर्व विधायक के बाग में गौ तस्करों द्वारा प्रतिबंधित पशुओं का वध किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां बड़ी मात्रा में खून, गौवंश का गोबर और कई कुत्ते मौजूद थे। उनका दावा है कि गौ तस्कर पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए गौवंश के सभी अवशेष अपने साथ ले गए, जिससे साक्ष्य न मिल सके। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि क्षेत्र से दर्जनों सांड अचानक गायब हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. देश दीपक गंगवार ने मौके से खून, गोबर और कुत्तों द्वारा खाए जा रहे अवशेषों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। गौ रक्षा परिषद की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि फिलहाल कोई अवशेष न मिलने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि मौके पर खून तो मिला है, लेकिन गौवंश के अवशेष न मिलने से अभी यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि खून गौवंश का ही है। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली