दुद्धी सोनभद्र। तहसील क्षेत्र के बभनी थाना अंतर्गत चक चपकी के कारीडांड गांव में ठंड से बचने के लिए जलाई गई आग बुधवार रात एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला के लिए काल बन गई। चारपाई पर सो रही राजकुंवर पत्नी स्व. जद्दू गोंड आग की चपेट में आ गईं और जिंदा जल गईं।
मृतिका के छोटे पुत्र करमजीत ने बताया कि दो दिन पहले उनकी मां को लकवा मार गया था। वे घर के अंदर चारपाई पर पुआल बिछाकर बिस्तर डाले सो रही थीं। ठंड से राहत के लिए चारपाई के पास लकड़ी की आग जल रही थी, जो अचानक भड़क उठी और बिस्तर तक फैल गई। घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। आग की आहट सुनकर वे दौड़े, लेकिन तब तक आग ने बहुत तबाही मचा ली थी। परिजनों ने आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु मां की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दी, जिन्होंने गुरुवार सुबह बभनी पुलिस को सूचित किया। सूचना पाते ही प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर दुद्धी पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतिका के पुत्र रामजीत की हरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतिका के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोनभद्र/दुद्धी(विवेक सिंह)