दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। लगभग 65 लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब के साथ एक ट्रक पकड़ा गया, जबकि पंजाब के लुधियाना निवासी वांछित शराब तस्कर बलजिंदर सिंह उर्फ हनी को आज दुद्धी से गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दे कि पांच दिसंबर को रजखड़ घाटी हाथीनाला दुद्धी मार्ग पर प्रथम मोड़ के पास ट्रक संख्या यूपी 63टी 6441 अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक से 326 पेटियों और 169 प्लास्टिक बोरियों में कुल 15,669 बोतलें (5,960.265 लीटर) मैकडॉवेल नंबर-1 व रॉयल चैलेंज व्हिस्की ब्रांड की अवैध शराब बरामद की। इस बरामदगी के आधार पर थाना दुद्धी में मुकदमा संख्या 308/2025 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS व 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह की टीम ने विवेचना की। इसमें ट्रक चालक योगेंद्र सिंह पुत्र परमजीत सिंह लुधियाना, ट्रक मालिक अजीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह लुधियाना, श्रीराम एंटरप्राइजेज दिल्ली, ट्रांसपोर्टर कृष्णा ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट दिल्ली और मुख्य तस्कर बलजिंदर सिंह उर्फ हनी पुत्र मलकीत सिंह जगरावो लुधियाना के नाम सामने आए।
आज बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:40 बजे मंजू जायसवाल पत्ता गोदाम रेलवे स्टेशन रोड के घर के पास से बलजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया।साथ ही उसके पास से मारुति ब्रेजा कार ,कीपैड फोन ,रेडमी फोन ,आईफोन 13 प्रो और 4,100 रुपये नगद बरामद हुए।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह, महताब अहमद, भागीचंद्र प्रसाद व मो. खालिद खान शामिल रहे। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)