ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
सोलन जिला मुख्यालय से दैनिक जागरण समाचार पत्र से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन वशिष्ठ के पूज्य पिता हीरा दत्त शर्मा का वीरवार सुबह लगभग छह बजे निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उनके निधन से परिवार सहित पत्रकार जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्वर्गीय हीरा दत्त शर्मा एक सरल, मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उन्होंने भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) में कसौली में अपनी सेवाएं दीं और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। सेवा काल के दौरान उन्होंने अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया और समाज में एक अनुशासित व आदर्श व्यक्तित्व के रूप में पहचान बनाई।
उनके निधन के उपरांत वीरवार को उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मंझला मधियाणा, पंचायत नाहरी, विकास खंड धर्मपुर, जिला सोलन में किया गया। अंतिम संस्कार में कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी सहित आसपास की कई पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकार साथी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व उपप्रधान नाहरी पंचायत एवं पत्रकार मनमोहन वशिष्ठ के पिता के निधन पर कसौली, सोलन, बद्दी सहित विभिन्न स्थानों के पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की है।