कैमोर पुलिस द्वारा विगत रात्रि लगभग 8 बजे कैमोर थाना परिसर के समीप विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
वाहन चेकिंग के दौरान बाइक चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई। साथ ही पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि अगली बार नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भारी वाहनों की भी सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान शराब पीकर बाइक चलाने वालों की भी मशीनों के माध्यम से जांच की गई, जिससे नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा सके और सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने किया। उनके साथ कैमोर थाने का समस्त पुलिस स्टाफ मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की और इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
कैमोर पुलिस का यह अभियान यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षित सड़क व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहा है।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट