खबर रामदेवरा जैसलमेर
रिपोर्टर लक्ष्मण राम
रामदेवरा वार्ड 17 में नाली ओवरफ्लो, सड़कें बनी गंदे पानी का तालाब
रामदेवरा ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 17 में नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आम राहगीरों, स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई ठेकेदार द्वारा नियमित रूप से नालियों की सफाई नहीं करवाई जा रही, जिसके चलते गंदगी जमा हो गई और नालियां जाम हो गईं। ओवरफ्लो हुआ दूषित पानी न केवल आवाजाही में बाधा बन रहा है, बल्कि इससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि सफाई व्यवस्था की लापरवाही के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है। सरकार जहां स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की सफाई करवाई जाए, जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वार्ड 17 के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।