लूट का वांछित अपराधी गोली लगने से गिरफ्तार
सहारनपुर: जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मण्डी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।शक्लापुरी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना मण्डी पुलिस टीम शक्लापुरी रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसल गई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान तैय्यब उर्फ रहमान निवासी अमजद नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तैय्यब थाना बेहट में दर्ज लूट के मामले में वांछित था और उस पर जनपद के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट और चोरी जैसे लगभग एक दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में कॉम्बिंग कर रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़