नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज
प्रधानमंत्री आवास की किस्त के बदले घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार
हजारीबाग | ब्यूरो : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डाडी प्रखंड के हुवाग पंचायत के पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह को 2500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त जारी करने के एवज में रिश्वत मांगते हुए की गई।
क्या है पूरा मामला?
मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग ग्राम निवासी मो० अलीजान अंसारी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर स्वीकृत हुआ था। उनके साथ के अन्य लाभुकों को पहली किस्त मिल चुकी थी, लेकिन अलीजान की किस्त रुकी हुई थी। जब उन्होंने पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह से संपर्क किया, तो सचिव ने किस्त जारी करने के बदले 10,000 रुपये की मांग की। पंचायत सचिव ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, भुगतान नहीं होगा।
ACB की जांच और जाल
भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए अलीजान अंसारी ने इसकी शिकायत ACB हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत के सत्यापन के दौरान मामला सही पाया गया, जिसके बाद पंचायत सचिव 5000 रुपये लेने पर सहमत हुआ। तय हुआ कि यह राशि 2500-2500 रुपये की दो किस्तों में दी जाएगी।
रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
मंगलवार (23 दिसंबर) को जैसे ही वादी ने पहली किस्त के रूप में 2500 रुपये पंचायत सचिव को दिए, पहले से घात लगाकर बैठी ACB की ट्रैप टीम ने दण्डाधिकारी और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में उसे रंगे हाथ दबोच लिया। ACB ने आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 14/2025 दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।