✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कलेक्टर आशीष तिवारी ने जनसुनवाई में सुनीं 145 आवेदकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिये त्वरित निराकरण के निर्देश
कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में 145 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एस डी एम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उइके, प्रदीप कुमार मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
भूमि का पट्टा दिलायें
जनसुनवाई के दौरान प्रेमनगर निवासी नरेश चौधरी पिता जिया लाल चौधरी ने आवेदन देते हुये बताया कि मैं वर्ष 2005 से प्रेमनगर स्थित भूमि आईडी क्रमांक 1002052889 पर काबिज हूँ। साथ ही मैं नियमित रूप से टैक्स का भुगतान करता हूँ। परंतु, नगर निगम के कई बार चक्कर लगाने के बावजूद मुझे इस भूमि का पट्टा अब तक प्रदान नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम कटनी और एसडीएम कटनी को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
पेंशन और जीपीएफ की राशि दिलायें
जनसुनवाई के दौरान रीतू बर्मन ने अपनी शिकायत में बताया कि मेरी मां सावित्री देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाकल में एएनएम के रूप में कार्यरत थी। वर्ष 2016 में वे सेवानिवृत्त हो चुकी है। परंतु अभी तक पेंशन की राशि और जीपीएफ की राशि उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। इस संबंध में शिकायत करने और सीएमएचओ ऑफिस के चक्कर लगाने के बावजूद मेरी समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है। इस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने सीएमएचओ को निश्चित समय-सीमा में कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिये।
समग्र आईडी पुन: रिकवर करायें
ग्राम पंचायत बांध निवासी महेश प्रसाद ने आवेदन देते हुये बताया कि मेरी समग्र आईडी समग्र पोर्टल से हट गई है। इस वजह से मुझे राशन एवं विकलांग पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। मेरी समग्र परिवार आईडी रिकवर करवा दीजिये ताकि मुझे राशन और पेंशन योजना का लाभ मिल सके।
बिजली का बिल माफ करायें,
जनसुनवाई में ग्राम बदेरा तहसील विजयराघवगढ़ निवासी बालस्वरूप सिंह पिता मंगल प्रसाद ने अपनी शिकायत में बताया कि बिजली बिल सर्विस क्रमांक 151603573 का कनेक्शन मेरे नाम पर है। जिसका बिजली बिल मेरे खपत से अधिक आया है। जिसे चुकाने में मैं असमर्थ हूँ। इस पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्युत विभाग को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिये।।