बरेली। सिरौली कस्बा में चोरों ने रविवार रात पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में सेंध लगा दी। खिड़की काटकर बैंक में घुसे चोरों ने स्टोर रूम की दीवार तोड़ने का प्रयास किया। नाकाम होने पर भाग गए।
सिरौली में चोरों ने रविवार रात पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में चोरी करने की कोशिश की। चोर अली मार्केट की तरफ से खिड़की काटकर बैंक के अंदर प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद चोरों ने लॉकर रूम में पहुंचने को स्टोर रूम की दीवार को कटना शुरू किया, जिसमें छेनी कटर फंस गए, जिससे नकदी व लॉकर तक नहीं पहुंच सके। नाकाम होने पर चोर भाग गए।
सोमवार को सुबह 10 बजे बैंक स्टाफ पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। स्टाफ ने बैंक प्रबंधक को सूचना दी। प्रबंधक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन की। बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे मिले। बताया जा रहा है कि चोरों ने बैंक में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बता दें कि बैंक एवं मेन मार्केट होने के कारण यहां हर समय पुलिस पिकेट रहती हैं। लेकिन चोरी की कोशिश की घटना सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इसके लिए कई पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली