वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
हुकुलगंज में गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत, गुस्साए परिजनों ने शव रखकर किया रोड जाम
वाराणसी, लालपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज क्षेत्र में बीती रात हुए लड़ाई-झगड़े में गंभीर रूप से घायल एक गर्भवती महिला की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला के पेट में पल रहा बच्चा भी नहीं बच सका, जिससे मामला और भी हृदयविदारक हो गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने महिला का शव सड़क पर रखकर रोड जाम कर दिया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते अभी तक आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे, वहीं क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
अब सवाल यह है कि क्या पीड़ित परिवार को मिलेगा इंसाफ या फिर मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?