रिकॉर्ड से लेकर राइफल तक, हर व्यवस्था की हुई गहन पड़ताल
छुटमलपुर सहारनपुर : जनपद सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एसपी देहात सागर जैन ने थाना फतेहपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना स्तर की प्रशासनिक, परिचालन और अभिलेखीय व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई, जिसमें सभी अभिलेख एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के शुभारंभ में एसपी देहात सागर जैन ने थाना परिसर में उपस्थित पुलिस बल की गार्ड ऑफ ऑनर सलामी स्वीकार की। इसके उपरांत उन्होंने कार्यालय पहुंचकर विवेचनाओं से संबंधित सभी अभिलेखों, लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की फाइलों का गहन और विस्तारपूर्वक अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र के अभिलेखों का निरीक्षण किया और महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही मालखाने में सुरक्षित रखे गए अस्त्र-शस्त्र, कारतूस एवं अन्य सामग्री की संख्या का मिलान करते हुए उनकी स्थिति का सूक्ष्म परीक्षण किया।
एसपी देहात ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने परिसर में खड़े पुराने वाहनों के निस्तारण से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त थाना कार्यालय, मेस, बैरक व अन्य भवनों का भ्रमण कर उनकी स्वच्छता एवं संरचनात्मक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता और सौंदर्य व्यवस्था विशेष रूप से सराहनीय रही। पूरे स्टाफ को पूर्ण वर्दी में अनुशासित एवं सजग पाया गया, जो थाना प्रबंधन की कार्यशैली को दर्शाता है। समस्त व्यवस्थाएं चाक-चौबंद और संतोषजनक पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन ने थानाध्यक्ष विनय शर्मा की सराहना करते हुए उन्हें बेहतर कार्यप्रणाली के लिए शाबाशी दी। इस अवसर पर थानाध्यक्ष विनय शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक भूपेन्द्र शर्मा, उप निरीक्षक विजयपाल सिंह, मिशन शक्ति केन्द्र एवं एंटी-रोमियो प्रभारी मिथिलेश राठौर, प्रधान लेखक नीतू कुमार, मुंशी आशु चौधरी सहित थाना फतेहपुर का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़