दुद्धी सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दुद्धी की पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी रोकते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद बोलेरो पिकअप से दो गायें और एक बछिया जब्त की, जो झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाए जा रही थीं।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात करीब 11:10 बजे प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कुंवर सिंह ने हमराही पुलिस बल के साथ रजखड़ थाना गेट के पास नाकाबंदी की। हाथीनाला तिराहा की ओर से आ रहे महिंद्रा बोलेरो पिकअप (नंबर UP70QT4205) को देखते ही चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
चेकिंग में वाहन से दो गायें और एक बछिया लदी मिलीं, जिनके मुंह क्रूरता पूर्वक बंधे थे। पशुओं को उतारने पर उनके मुंह से लार और झाग निकल रहा था। बरामद पशुओं में पहली गाय हल्के लाल रंग की,दूसरी गाय काली रंग की,तीसरी बछिया हल्के लाल रंग की है ।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरेंद्र भारती (22)पुत्र लालमनी भारती ग्राम बिलारी थाना हंडिया प्रयागराज और लवकुश यादव (20 )पुत्र कमलेश कुमार ग्राम भेलसी, थाना हंडिया, प्रयागराज बताया गया । उनके पास पशुओं के कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने मुकदमा (मु0अ0सं0-07/2026, धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम) दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कुंवर सिंह, हेड कांस्टेबल भागीचंद्र प्रसाद, मनमोहन सिंह, राजेश सिंह, अमरजीत कुमार शामिल रहे।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)