दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी विधानसभा-403 के वर्तमान विधायक एवं आठ बार चुने गए वरिष्ठ आदिवासी नेता विजय सिंह गोंड (71) का गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में निधन हो गया। किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे इस जुझारू नेता के अवसान से पूरे दुद्धी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
गृह गांव कटौली में देर रात शव लखनऊ से पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग रात्रि में और शुक्रवार सुबह से ही अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। परिवार के सदस्यों और हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार दोपहर उनके आवास के पास खेत में हजारों लोगों की मौजूदगी में भूमि समाधि दी गई,जिस दौरान लोगों की आंखें नम हो गईं। आदिवासी परंपरा और गोंड रीति-रिवाज के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राजकीय सम्मान प्रदान किया गया।
1980 के दशक में राजनीति में कदम रखने वाले विजय सिंह गोंड ने 1979 में वनवासी सेवा आश्रम में मात्र 200 रुपये वेतन पर काम करते हुए कांग्रेस टिकट पर दुद्धी से पहली बार विधायक बनकर सफर शुरू किया। उसके बाद 1985 में कांग्रेस, 1989 में निर्दलीय (राजनीतिक गुरु राम प्यारे पनिका को हराकर), 1991-93 में जनतादल, 1996 व 2002 में समाजवादी पार्टी से जीत दर्ज की। भाजपा की मोदी लहर में 2017 व 2022 में हार का मुंह देखा, लेकिन रामदुलारे गौड़ को सजा मिलने पर उपचुनाव में सपा टिकट पर भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह गौड़ को करीब तीन हजार वोटों से अधिक वोटो से हराकर आठवीं बार विधायक बने। भूमि अधिकार, विकास व सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सदन में आक्रामक आवाज उठाने वाले इस नेता को क्षेत्रवासी जननायक व पितामह कहते थे।
एक साल पहले दोनों किडनी खराब होने और अंतिम तीन माह कोमा में रहने के बाद उनका निधन हुआ। अंतिम दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री राम विचार नेताम, राज्य मंत्री संजीव गौड़, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, उपजिलाधिकारी निखिल यादव, सीओ राजेश कुमार राय, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड, सपा जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव, सपा विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव, जगदीश प्रसाद यादव, सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, डॉक्टर लवकुश प्रजापति, रामविचार, फौजदार सिंह परस्ते, दुद्धी बार संघ अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष कौशल्या देवी, जुबेर आलम, जगतनारायण ग्राम प्रधान समेत विभिन्न दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी व हजारों शुभचिंतक पहुंचे।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)