ग्राम परतलाई में अवैध मिट्टी परिवहन पर कार्रवाई
एसडीएम संतोष मुद्गल ने बाड़ी के पास पकड़ा पीली मिट्टी से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली
बाड़ी (रायसेन)।
बाड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम परतलाई में अवैध मिट्टी उत्खनन व परिवहन की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। सूचना के आधार पर एसडीएम बरेली श्री संतोष मुद्गल स्वयं मौके पर पहुँचे और कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान रास्ते में बाड़ी के पास पीली मिट्टी का अवैध रूप से परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर बड़ी थाना की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया, तथा संबंधित प्रकरण में कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम संतोष मुद्गल ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन व मिट्टी के अवैध परिवहन पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रशासन की सख्त निगरानी लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मिट्टी परिवहन करने वालों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की है।